कांगड़ा पुलिस ने अंतरराज्यीय एटीएम चोर गिरोह का किया पर्दाफाश
बीते कुछ समय से ज़िला कांगड़ा और प्रदेश के भिन्न-भिन्न ज़िलों में एटीएम कार्ड बदलकर पैसे चोरी करने वाला एक गिरोह सक्रिय था। 12.03.23 को इस शातिर गिरोह के चार सदस्यों ने पालमपुर डाढ व गोपालपुर में एटीएम में जाकर एटीएम कार्ड बदलने की घटना को अंजाम दिया तथा ड़ाढ के एक बुज़ुर्ग व्यक्ति को निशाना बनाकर 66000 रुपये निकाल लिए। जिस पर पुलिस थाना पालमपुर में मुक़दमा पंजीकृत हुआ। मुक़दमे का अन्वेषण कर रहे उप निरीक्षक हेम चंद द्वारा घटना स्थल व इसके आसपास साक्ष्य जुटाये गए।
अन्वेषण के दौरान आईपीएस मयंक के दिशा-निर्देशों पर एक टीम का गठन उप निरीक्षक हेम चंद की अगुवाई में डीसीआरबी कांगड़ा व एसआईयू कांगड़ा को मिलाकर किया गया। उक्त टीम ने एकत्रित किए गये साक्ष्यों के आधार पर उतर प्रदेश सहारनपुर में दबिश देकर गिरोह के दो सदस्यों जगमोहन सिंह पुत्र अजमेर निवासी लोहाना कलां ज़िला मुज़फ़रनगर व दीपक शर्मा पुत्र देवी लाल शर्मा निवासी मिलकवजिदीनपुर आईटीआई दिल्ली रोड सहारनपुर को गिरफ़्तार किया गया। पूछताछ में इनदोनों ने गिरोह के अन्य दो सदस्यों के नाम भी बताए तथा घटना को अंजाम देने के तरीक़ों को भी ज़ाहिर किया।
पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ़्तार किया जाएगा तथा इनके अन्य साथियों की भी शीघ्र पुष्टि कर गिरफ्तारियां की जाएंगी।
