कांगड़ा : प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने नगरोटा बगवां में सुनीं जनसमस्याएं
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने आज कांगड़ा स्थित अपने निवास स्थान और ओबीसी भवन नगरोटा बगवां में जन समस्याएं को सुनते हुए उनका निपटारा किया। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को सुनना और उनकी शिकायतों का निवारण करना सरकार का प्रथम कर्तव्य है। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याओं को सुना। अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया तथा शेष के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने हटवास पंचायत के एक बुजुर्ग को चार कुर्सियां भी भेंट की।
इसके बाद बाली नगरोटा बगवां के रहने वाले व्यवसाई एवं वरिष्ठ पत्रकार नीरज दुसेजा की माता ललिता दुसेजा के स्वर्गवास उपरान्त उनकी आत्मा की शांति के लिए रखी गई पूजा और उठाले में सम्मिलित हुए। उन्होंने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिवार के समक्ष अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। बाली ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत ऊपरली मजेठली का भी दौरा किया। यहां आसमानी बिजली गिरने से लगभग 8 घरों की इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। उन्होंने मौक़े पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावितों से बात कर उन्हें सरकार की ओर से हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया।
