कांगड़ा : सरवन ने जस्सा को हराकर जीती हरनी छिंज मेले की बड़ी माली
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के हरनी छिंज मेले में कुश्ती की बड़ी माली सरवन डेरा बाबा नानक ने जस्सा पहलवान को हराकर जीती। वहीँ छोटी माली विकास ने जीती। विजेता पहलवानों को विधायक पवन काजल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बड़ी माली के विजेता को मेला कमेटी द्वारा 21 हजार और छोटी माली के विजेता को 11 हजार रुपये की नकद राशि व स्मृति चिन्ह दिए गए।
इस दौरान विधायक पवन काजल ने कहा कि मेले हमारी धरोहर हैं और युवा पीढ़ी का मेलों के आयोजन में योगदान महत्वपूर्ण है। विधायक ने कहा कि मेले हमारी सभ्यता, संस्कृति और आपसी भाईचारे के परिचायक हैं। उन्हाेंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में मेलों का आयोजन एक चुनौती बन गया है। बावजूद इसके ग्रामीण स्तर पर मेलों का आयोजन एक सराहनीय ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा मेलों के आयोजन से जहां समाज में भाईचारा बढ़ता है। वहीं, लोगों को ग्रामीण परिवेश की अपनी संस्कृति से रू-ब-रू होने का मौका भी मिलता है।
उन्होंने मेला कमेटी को सफल आयोजन के लिए 11 हजार रुपये की राशि भेंट की। हरनी छिंज मेला रवि कांत प्रधान मेला कमेटी नहीं विधायक पवन काजल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और मेला ग्राउंड के विकास के लिए विधायक निधि से धन की मांग रखी। इस मौके पर संजीव, रजनीश कुमार, राजेश कुमार, स्वरूप, कुमार सैनी, अशोक, अजीत, अजय, मदन, देव राज भी उपस्थित रहे।
