कांगड़ा : जमानाबाद में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ
विकास खंड कांगड़ा के तहत पड़ती पंचायत जमानाबाद के गांव पनियाकड़ में आज सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ कलश यात्रा और शोभा यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा और शोभा यात्रा श्री ब्रजेश्वरी मंदिर कांगड़ा से चलकर पनियाकड़ गांव के कुल ओंमकारेश्वर शिव शक्ति नागा पांडव मंदिर जमानाबाद पहुंची। शोभा यात्रा में मंदिर प्रबंधक संत जगन्नाथ, कथा वाचक पंडित व्यास जगत राम शर्मा भी शामिल रहे।
संत जगन्नाथ ने बताया कि प्रतिदिन 12:15 से 4:15 बजे तक यज्ञ चार्य एवं कथा प्रवक्ता परम पूजनीय पंडित जगत राम शर्मा के मुखारविंद से अमृत वर्षा की जाएगी और शाम को 8:00 से 10:00 बजे तक मंदिर में श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयाेजन किया जाएगा। कथा के बाद प्रतिदिन कथा श्रवण करने वाले भक्तों के लिए लंगर व्यवस्था का भी प्रबंध किया जाएगा।
उन्हाेंने बताया कि 14 अप्रैल शुक्रवार को हवन यज्ञ पूर्णाहुति डालकर महापुराण कथा को विराम देकर भोग प्रसाद बांटा जाएगा। कथा प्रवक्ता पूजनीय व्यास जगतराम शर्मा ने भी कहा कि उन्हें परम पूजनीय गुरु संत चोलाधारी नाथ जी की अपार कृपा से कथा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है और जो गुरुजी की तपोस्थली में यह शुभ कार्य हो रहे हैं। यह गुरु जी की तपस्या, साधना और अपने गुरुजी के प्रति सच्ची निष्ठा के कारण ही संभव हो रहा है।
