कांगड़ा : पंचायतों में विशेष शिविर लगाकर लोगों को बताए जा रहे नशे के दुष्प्रभाव
हिमाचल में नशे को जड़ से खत्म करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बीडीओ कांगड़ा तनविंदर व नशा निवारण राज्य समन्वयक संगीता खुराना ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक 3 पंचायतों में विशेष शिविर लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। आने वाले समय में अन्य पंचायतों में भी इस तरह के कार्यक्रम किए जाएंगे, ताकि लोग नशे से दूर रहें। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर खेल मैदानों को विस्तारीकरण करेंगे, ताकि युवाओं का खेल गतिविधियों में ध्यान लगा रहे। उन्होंने सभी लोगों व खासकर युवाओं से नशे से दूर रहने की भी अपील की।
राज्य समन्वयक संगीता खुराना ने कहा कि कांगड़ा में नशा निवारण जागरूक शिविरों में लोग काफी संख्या में पहुंचकर जानकारी हासिल कर रहे हैं, जिसमें स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग रहा। उन्होने कहां कि अभिभावक अपने बच्चों को नशे से दूर रखने का पूर्ण प्रयास करें व अपने बच्चों पर नजर रखें, ताकि कहीं वो नशे की चपेट में न आ जाएं। कांगड़ा में विभिन्न पंचायतों में आमजन को नशे से शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभाव की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शिविर के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणाम बताए जा रहे हैं, ताकि आमजन नशे से दूर रहे और अपने परिवार का उचित ढंग से पालन पोषण कर सकें। इस मौके पर इशांत चौधरी, अरुण मनकोटिया भी मौजूद रहे।
