कांगड़ा : प्राइमरी हेल्थ सेंटर चडी में मनाया विश्व स्वास्थ्य दिवस
विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में आज जिला स्तरीय विश्व स्वास्थ्य दिवस मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के सौजन्य से प्राइमरी हेल्थ सेंटर चडी में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस विश्व स्वास्थ्य दिवस का थीम 'हेल्थ फॉर ऑल' सभी के लिए स्वास्थ्य है। इसका मतलब है कि सभी के लिए उत्तम गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध हों।
स्वास्थ्य का मतलब बीमारी का न होना ही नहीं है, बल्कि हमारा शारीरिक, मानसिक, सामाजिक स्वास्थ्य भी ठीक हो, इस सबके लिए हमें अपने खानपान अपनी दिनचर्या तथा अपने सामाजिक संबंधों के ऊपर विशेष ध्यान देना होगा। वहीं जिला चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉक्टर विक्रम कटोच ने बताया कि आजकल गैर संक्रामक रोग जैसे कि शुगर, बीपी, कैंसर आदि बहुत तेजी से व्यक्ति को अपनी चपेट में ले रहे हैं। इसका कारण हमारा गलत खानपान तथा अनियमित जीवन शैली है। इन सब से बचाव के लिए हमारा जागरूक होना बहुत जरूरी है। हमें संतुलित आहार लेने के साथ व्यायाम को अपने जीवन का एक हिस्सा बनाना चाहिए। इस मौके पर प्राइमरी हेल्थ सेंटर चडी का सारा स्टाफ भी उपस्थित रहा।
