धर्मशाला में दीवार पर लिखा खालिस्तान जिंदाबाद
-वर्ल्ड कप मैचों से पहले सक्रिय हुए खालिस्तान समर्थक, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
धर्मशाला में एक सरकारी विभाग की दीवार पर खालिस्तान समर्थकों ने स्प्रे पेंट से खालिस्तान जिंदाबाद का नारा लिख दिया। हालांकि इस बारे में पता लगते ही पुलिस ने इसे मिटा दिया। वहीं इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इस महीने शुरू हो रहे वर्ल्ड कप के पांच मैच धर्मशाला में भी होने हैं। ऐसे में मैचों से पहले खालिस्तान समर्थकों की इस हरकत ने सुरक्षा एजेंसी को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जल शक्ति विभाग के कार्यालय की दीवार पर कुछ शरारती तत्वों ने खालिस्तान जिंदाबाद का नारा काले रंग के स्प्रे पेंट से लिख डाला। दीवार पर लिखे इस नारे की सूचना पुलिस को एक स्थानीय व्यक्ति ने दी। सूचना मिलने के बाद एसपी वीर बहादुर और एसपी हितेश लखनपाल और पुलिस थाना धर्मशाला की टीम भी मौके पर पहुंची।
दोनों अफसरों की मौजूदगी में दीवार पर लिखे नारे को मिटाया गया। इसके बाद उन्होंने जांच-पड़ताल शुरू कर दी। साथ ही विभागों में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगालना शुरू कर दिया। गौर रहे कि इससे पहले भी कुछ शरारती तत्वों ने तपोवन स्थित विधानसभा परिसर की दीवार पर खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे थे और वहां पर झंडा लगा दिय था।
इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया था। एसपी, कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
