कुलदीप सिंह पठानिया बने कांगड़ा सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक के चेयरमैन
प्रदेश सरकार ने हमीरपुर सदर के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया को कांगड़ा सेंट्रल कोपरेटिव बैंक का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी करते हुए तत्काल प्रभाव से इसे मान्य करार दिया है। पठानिया को सरकार की ओर से बैंक के निदेशक मंडल में नामांकित किया गया है। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन पद पर हमीरपुर से ताजपोशी होने से कांगड़ा जिला के नेताओं की एक और आस टूट गई है। हमीरपुर से पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के करीबियों में शुमार हैं। वह विधानसभा चुनाव के दौरान हमीरपुर से कांग्रेस की टिकट की दौड़ में शामिल रहे हैं। वह टिकट न मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस ने उन्हें कार्यकारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया था। उनके जिला अध्यक्ष के थोड़े से कार्यकाल में ही हमीरपुर में कांग्रेस ने 4 सीटों पर जीत दर्ज कर बीजेपी का सूपड़ा साफ किया है। उनके पार्टी के प्रति इस बेहतरीन कार्य के लिए उन्हें इस पद से नवाजा गया है। वहीं दूसरी तरफ नव नियुक्त कांगड़ा सेंट्रल कोपरेटिव बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के भांजे संजय पटियाल को जिला हमीरपुर सहकारी सभा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हालांकि नवनियुक्त जिला सहकारी सभा अध्यक्ष संजय पटियाल की नियुक्ति चुनावी प्रक्रिया से हुई है। संजय पटियाल सहकारी सभा धंगोटा के सचिव हैं। इन दोनों पदों की नियुक्तियों पर जिला कांग्रेस व ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों व सदस्यों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।