कुनिहार: प्राथमिक पाठशाला गमझून में किया गया निपुण मेले का आयोजन
शिक्षा खंड धर्मपुर के अंतर्गत राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला गमझून में निपुण मेले का आयोजन किया गया। जिसमे बच्चों के माता-पिता, अभिभावकों , राजकीय माध्यमिक पाठशाला गमझून के अध्यापकों एवं बच्चों,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर एवं ग्रामवासियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। केंद्र मुख्य शिक्षक रोशन लाल तथा पाठशाला प्रबंधन समिति अध्यक्षा ममता देवी द्वारा सभी उपस्थित जनों का स्वागत पूरी गर्म जोशी के साथ किया गया। पाठशाला के जेबीटी अध्यापक कमल कुमार शर्मा तथा जेबीटी अध्यापिका शिल्पा शर्मा ने भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे निपुण भारत कार्यक्रम तथा इसके अंतर्गत की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने सभी को निपुण कार्यक्रम के लक्ष्यों एवं उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी।
पाठशाला को निपुण मेले हेतु बहुत ही आकर्षक तरीके से सजाया गया था। बच्चों द्वारा तैयार की गई आर्ट एवं क्राफ्ट सामग्री को एक कमरे में प्रदर्शित किया गया था। सेल्फी प्वाइंट सभी के आकर्षण का केंद्र था। विभिन्न गतिविधियों हेतु कुल आठ स्थल बनाए गए थे जिनमें पंजीकरण स्थल, आर्ट एवं क्राफ्ट स्थल, बौद्धिक विकास स्थल, पूर्व गणित अवधारणा स्थल, भाषा विकास स्थल, शारीरिक विकास स्थल, सामाजिक एवं मानसिक विकास स्थल तथा बच्चों का कोना शामिल था। निपुण मेले में बच्चों ने उपस्थित जनसमूह के समक्ष बौद्धिक विकास, पूर्व गणित अवधारणा, भाषा विकास, शारीरिक विकास, सृजनात्मक विकास, सामाजिक तथा भावात्मक विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया । पूर्व गणित अवधारणा में कंचों की सहायता से गिनती, जमा और घटा , अंक पहचान खेल, फर्श पर बनी आकृति एवं अंक कूद, कंचा दौड़ आदि गतिविधियां की गईं। भाषा विकास के लिए टार्सिया, आइसक्रीम बनाना, चित्र देखकर कहानी कहना, कविता पाठ जैसी गतिविधियां संचालित की गई। पजल साॅलविंग, मुखौटे बनाना के माध्यम से बौद्धिक विकास से संबंधित गतिविधियां प्रदर्शीत की गई।
बच्चों ने सामूहिक पहाड़े, खेलकूद एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शारीरिक विकास एवं सामाजिक विकास हेतु किए जा रहे नवीन प्रयोग प्रस्तुत किए। प्राथमिक और माध्यमिक पाठशाला के बच्चों द्वारा बहुत ही सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। सभी उपस्थित जनों एवं माध्यमिक पाठशाला के अध्यापकों ने पाठशाला द्वारा चलाए जा रहे इस कार्यक्रम की भूरी भूरी प्रशंसा की। पाठशाला प्रबंधन द्वारा उपस्थित सभी लोगों का कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु धन्यवाद व्यक्त किया गया। वर्तमान में पाठशाला प्राथमिक कक्षाओं के साथ-साथ पूर्व प्राथमिक कक्षाओं का संचालन भी कर रही है। सभी लोगों को सूचित किया गया की उनके परिवार एवं आसपास के 3 वर्ष एवं उससे अधिक के सभी बच्चे पाठशाला में नामांकित हो सकते हैं। पाठशाला में उनके लिए सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उपस्थित सभी लोगों से कार्यक्रम की फीडबैक भी ली गई एवं सभी लोगों को अंत में प्रीतिभोज कराया गया।