कुनिहार पुलिस ने साढ़े 15 किलो भुक्की के साथ ट्रक चालक सहित दो लोग किए काबू
कुनिहार पुलिस ने एक ट्रक से 15 किलो 648 ग्राम चूरापोस्त (भुक्की) बरामद कर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार जब कुनिहार पुलिस रात्रि गश्त पर थी तो उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि ट्रक नंबर HP12Q7847 शिमला की तरफ से आ रहा है, जिसमें काफी मात्रा में चूरापोस्त है। जब पुलिस ने ट्रक को चेक किया तो चालक के अलावा कंडक्टर सीट पर एक अन्य व्यक्ति बैठा हुआ था।
जब ट्रक चालक से उसका नाम पता पूछा गया तो ट्रक चालक ने अपना नाम अरुण कुमार निवासी गांव लूणा व कंडक्टर सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम मुकेश कुमार निवासी कांशीपट्टा बताया। ट्रक के कैबिन को चेक किया गया तो कंडक्टर सीट के गद्दे के नीचे बहुत सारे सफेद पॉलीथीन के लिफाफे मिले, जिनमें 15 किलो 648 ग्राम चूरापोस्त पाया गया। थाना प्रभारी कुनिहार फूलसिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
