नादाैन : लोगों का भारी हुजूम इस बात की गवाही कि लोग बदलाव को तैयार- शैंकी ठुकराल

नादौन पहुंची आम आदमी पार्टी के बदलाव मार्च से हुई राजनीतिक हलचल
फर्स्ट वर्डिक्ट। नादौन
आम आदमी पार्टी का बदलाव मार्च नादौन पहुंचा, जहां लोगों एवं युवाओं द्वारा भारी संख्या में पहुंचकर मार्च का स्वागत किया गया। नादौन के रंगस कस्बे से रोड शो की शुरुआत हुई, जो रंगस से होकर जलाड़ी, फतेहपुर होते हुए बलदुहक से लाहड़ और फिर नादौन पहुंचा। इस रोड शो में तकरीबन 300 गाड़ियों एवं सैकड़ों को संख्या में बाईक सम्मलित हुई। नादौन पहुंचते ही शैंकी ठुकराल ने रोड शो को संबोधित करते हुए कहा कि आज तक भाजपा और कांग्रेस दोस्ताना खेल खेलते आ रहे हैं। हर पांच वर्ष में चुनाव के समय कांग्रेसी नेता भाजपाई हो जाते हैं और भाजपाई नेता कांग्रसी। इस तरह से अब तक ये दोनों पार्टियां लोगों को मूर्ख बनाकर सत्ता में काबिज़ होती रही है, पर इस बार लोग नए ईमानदार लोगों को मौका देने के लिए तैयार हैं।
शैंकी ने कहा कि प्रदेश में सेहत, शिक्षा वेंटिलेटर पर है, जिसके कारण आज प्रदेश के लोग हिमाचल से पलायन करने लगे हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर सेहत, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं पर शानदार काम किए जाएंगे एवं भृष्ट भाजपा-कांग्रेस के गठबंधन को जड़ से उखाड़कर बाहर किया जाएगा। इस मौके पर लहड़ा वार्ड से जिला परिषद सदस्य संजीव सेठी, लोकसभा अध्यक्ष राज ठाकुर, ज़िला प्रभारी धनी राम, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष सुषमा, प्रदेश उपाध्यक्ष केजी पराशर, रिटायर्ड तहसीलदार विजय शर्मा, मुल्कराज चौधरी, सुधीर ठुकराल, संजीव शर्मा व अशोक कुमार सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।