शिमला: नगर निगम चुनावों के लिए कांग्रेस वॉर रूम में बैठक का हुआ आयोजन

कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में चार नगर निगम चुनावों के लिए स्थापित किए गए वॉर रूम के पदाधिकारियों से बैठक में चुनाव से संबंधित काम काज का पूरा फीडबैक लिया। उन्होंने वॉर रूम के पदाधिकारियों से फील्ड में तैनात पार्टी पदाधिकारियों से पूरे तालमेल के साथ कार्य करने को कहा। राठौर ने कहा कि उन्होंने सोलन नगर निगम का दौरा पूरा कर लिया है। अब वो मंडी, पालमपुर व धर्मशाला के दौरे पर जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस का मुकाबला भाजपा सरकार से है। भाजपा के दुष्प्रचार का मुहं तोड़ जवाब देना होगा। कार्यकर्ताओं के साथ-साथ लोगों में भी कांग्रेस के प्रति उत्साह है।
राठौर ने मुख्यमंत्री के उस बयान का उल्लेख किया जिसमें उन्होंने कहा है कि सरकार को प्रदेश में कार्य करने के दो साल ही मिले है जबकि एक साल कोरोना की वजह से बर्बाद हो गया। इस बयान पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि सरकार के पास लोगों की सहायता करने का पूरा मौका था, पर सरकार उस दौरान भी नाहन में 2022 मिशन रिपीट को लेकर बैठकों में मस्त थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के लोगों की हर प्रकार से मदद की, जबकि भाजपा के लोग अपनी ओछी राजनीति में ही जुटे रहें। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष के राजनैतिक सचिव हरिकृष्ण हिमराल, कांग्रेस प्रवक्ता किरण धान्टा के अतिरिक्त वॉर रूम के चारो नगर निगम के प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा, मुकल गुप्ता, ऊषा राठौर महेता व शशि बहल मौजूद थी।