धर्मशाला के कचहरी चौक में बनेगा परमवीर चक्र विजेताओं का स्मारक
-स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 8 करोड़ से हो रहा कचहरी चौक का जीर्णोद्धार
कांगड़ा जिले के मुख्यालय एवं स्मार्ट सिटी धर्मशाला में राज्य के चार परमवीर चक्र विजेताओं की याद में स्मारक बनेगा। मेजर सोमनाथ शर्मा, मेजर धन सिंह थापा, कैप्टन विक्रम बत्रा और सूबेदार राइफलमैन संजय कुमार की याद में यह स्मारक कचहरी चौक पर बनाया जाएगा। इसके साथ ही अमर ज्योति भी स्थापित की जाएगी। स्मारक का कार्य पूरा होने के बाद जल्द कचहरी चौक में प्रदेश के सबसे ऊंचे 150 फीट तिरंगे का भी उद्घाटन किया जाएगा। प्रदेश के सर्वाधिक ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज से पर्यटन नगरी को भी नई पहचान मिलेगी।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब आठ करोड़ की लागत से कचहरी चौक का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। पूरे चौक में इंटरलॉक टाइल्स बिछाई जा रहीं हैं और चौक भी काफी खुला कर दिया गया है। अभी कार्य पूरा नहीं हुआ है, कई विकास कार्य शेष हैं। वहीं, चौक पर लगाया गया धर्मशाला दी हेवन सिटी का ग्लोशाइन बोर्ड भी हर किसी को आकर्षित कर रहा है। रात के समय नीले रंग की लाइन से यह बोर्ड पूरे चौक की सुंदरता को चार चांद लगा रहा है। र
स्मार्ट सिटी धर्मशाला के एसडीओ केवल शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कचहरी चौक के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है। यहां पर हिमाचल के चार परमवीर चक्र विजेताओं की याद में स्मारक बनाया जा रहा है, जिसका कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद वहां पर स्थापित किए 150 फीट ऊंचे तिरंगे का भी उद्घाटन किया जाएगा।
