सुजानपुर : विधायक को दिख रहा है अपना गिरता हुआ ग्राफ- विनोद ठाकुर
अनूप। सुजानपुर
सुजानपुर विधायक सुजानपुर मैदान में संकल्प रैली के नाम पर लोगों को इकट्ठा करने के लिए बीते सप्ताह से प्रियंका गांधी के नाम का सहारा ले रहे थे, लेकिन उनके इस कार्यक्रम में प्रियंका गांधी आ ही नहीं रही थी, तो जनता के समक्ष ढिंढोरा क्यों पीटा गया? सुजानपुर भाजपा मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर ने यह सवाल सुजानपुर के कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा से किया है। विनोद ठाकुर ने कहा कि विधायक को अब उनका गिरता हुआ ग्राफ दिखाई देने लग पड़ा है। आजकल सुजानपुर विधायक अपनी नुक्कड़ जन सभाओं में भी भीड़ जुटाने में असमर्थ है, जिस तरह से चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं। सुजानपुर की जनता अब उनके कार्यक्रमों से कन्नी काटना शुरु कर रही है। उन्हें इसी बात का डर अपने आने वाली संकल्प रैली में दिखाई दे रहा था। इसी कारणवश सुजानपुर विधायक अब अपनी इस रैली के लिए अन्य विधानसभा के विधायकों को और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को निमंत्रण व आने का आग्रह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले सुजानपुर विधायक ने तो कांग्रेसी शीर्ष नेतृत्व को भी भुला दिया था। अब विधायक को नए पोस्टर बैनर बनाकर कांग्रेसी शीर्ष नेतृत्व के उसमेें फोटो लगाने पड़े। मीडिया प्रभारी ने कहा कि विधायक को अब यह बात समझ आ गई है कि सुजानपुर में उनके नाम से जनता आने वाली नहीं है। सुजानपुर में जो उन्होंने संकल्प रैली रखी है, अब उसे प्रदेश स्तरीय रैली घोषित करने में ही भलाई है, ताकि अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लोग भी इसमें पहुंच सकें और यहां भीड़ इकट्ठी हो सके। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता विधायक की कथनी और करनी को पूरी तरह समझ चुकी है। अब उनकी बातों में यहां की भोली-भाली जनता आने वाली नहीं है।