एचआरटीसी बस मुद्दे पर वाइट पेपर लेकर आए मुकेश अग्निहोत्री, हम देंगे जवाब : सतपाल सत्ती
भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सती ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने सुक्खू सरकार को सूखे की सरकार करारा देते हुए कहा कि सूखे की सरकार 24*7 पानी की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि हम बताना चाहते हैं कि हिमाचल प्रदेश में 24*7 पानी की स्कीम अगर कोई सरकार लेकर आई तो वह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है,अगर इन परियोजनाओं का श्रेय कांग्रेस लेना चाहती है तो वह ले, पर जनता सब जानती है। सतपाल सत्ती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए गए हस्ताक्षर अभियान से भयभीत हो चुकी है। जिस प्रकार से भाजपा को धरातल पर इस अभियान को लेकर समर्थन मिला है उससे कांग्रेस डामाडोल हो गई है।
वहीं प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा संस्थानों को डिनोटिफाई करने को लेकर उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा था कि एक बच्चे के लिए भी स्कूल खोलूंगा, लेकिन आज अपने कद्दावर नेता के वाक्य से ही कांग्रेस नेता मुकर रहे है और स्कूल बंद किये जा रहे है। सत्ती ने कहा की जो बसों की खरीद के आरोप मुकेश अग्निहोत्री भाजपा पर लगा रहे है वह निराधार है, इस मुद्दे पर मुकेश अग्निहोत्री वाइट पेपर लेकर आएं, भाजपा जवाब देने को तैयार है।
