हमीरपुर : राष्ट्रपति चुनाव के लिए हिमाचल प्रदेश के इलेक्शन एजेंट होंगे नरेंद्र ठाकुर

मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर
राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में चुनाव के लिए हमीरपुर विधानसभा के विधायक नरेंद्र ठाकुर को हिमाचल प्रदेश का इलेक्शन एजेंट बनाया गया है। यह जानकारी भाजपा हमीरपुर मंडल के मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल ने जारी एक प्रेस बयान में दी। नरेंद्र ठाकुर ने इस अवसर पर जानकारी सांझा करते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा के 45 विधायक हैं और वहीं लोकसभा की चार में से तीन सीटों पर भाजपा के सांसद है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मतदान होगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एनडीए की प्रत्याशी के रूप में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में भाजपा के मतों का शत-प्रतिशत मतदान हो। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए के सहयोगी दल द्रौपदी मुर्मू की जीत पर पूर्णतः आश्वस्त हैं। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा शीर्ष नेतृत्व को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को देने के लिए उनका आभार जताया।