गुजरात के ग्राम पंचायत चुनाव में हुआ 47 फीसदी मतदान, 21 दिसंबर को आएंगे नतीजे
गुजरात में 8,690 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान रविवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया और शाम तक करीब 47 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 48,573 वार्डों में औसतन 25.11 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। गांधीनगर, आणंद, पोरबंदर आदि जिलों में मतदान प्रतिशत अधिक रहा जबकि दाहोद, डांग, देवभूमि द्वारका, नर्मदा और खेड़ा में अपेक्षाकृत कम मतदान दर्ज किया गया। गुजरात विधानसभा के लिए अगले साल दिसंबर में होने वाले चुनाव से पहले ग्राम पंचायत चुनाव को राजनीतिक दलों के लिए एक बड़ी परीक्षा माना जा रहा है। ग्राम पंचायत चुनाव का उम्मीदवार किसी राजनीतिक दल के चिह्न पर नहीं, बल्कि अपनी निजी क्षमता पर लड़ता है। हालांकि उम्मीदवार किसी न किसी दल से संबद्ध रहता है। विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रमुखों और वार्ड सदस्यों को चुनने के लिए सुबह सात बजे से मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं और मतदान शाम छह बजे तक चला। अब वोटों की गिनती 21 दिसंबर को होगी।
