हैदराबाद में एक अनोखा मामला आया सामने, डॉक्टर ने मरीज के शरीर से निकाले 156 किडनी स्टोन
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक मरीज में बेहद ही अनोखा मामला सामने आया है। डॉक्टरों की एक टीम ने 50 साल के मरीज के शरीर से 156 किडनी स्टोन निकाले। रीनल केयर फैसिलिटी प्रीति यूरोलॉजी एंड किडनी अस्पताल के डॉक्टरों ने कीहोल ओपनिंग के जरिए इतनी संख्या में पथरी निकाली। डॉक्टरों का मानना है कि देश में पहली बार किसी मरीज के शरीर से इतनी संख्या में पथरी निकाली गई है। मरीज बसवराज मदीवालर पेशे से टीचर हैं और हुबली के रहने वाले हैं। मरीज को गंभीर पेट दर्द के साथ हैदराबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया था और जांच में गुर्दे की पथरी के एक बड़े समूह की उपस्थिति का पता चला था। उसके पास एक्टोपिक किडनी भी थी और वह मूत्र के रास्ते में अपनी सामान्य स्थिति के बजाय पेट के पास स्थित था। मरीज के शरीर से गुर्दे की पथरी को हटाते समय सर्जनों के लिए चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
