जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, 5 आतंकवादियों को किया ढेर
जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटे में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने बारामूला जिले में आज एक मुठभेड़ में तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया। इससे पहले सोमवार को श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दो आतंकियों को मार गिराया था। बारामूला में मुठभेड़ को लेकर एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने सोमवार देर रात सोपोर के पेठसीर में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि मंगलवार तड़के आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की जिससे मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए हैं। अधिकारी के मुताबिक, उनकी पहचान की जा रही है और उनके समूह का पता लगाया जा रहा है।
