23 फरवरी को पदयात्रा निकालेगी कांग्रेस, विधायक व पूर्व विधायक भी होंगे शामिल, कुलदीप राठौर ने किया एलान
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने धर्मशाला में आयोजित भाजपा कार्यसमिति की बैठक में पारित प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि नए कृषि कानून किसान विरोधी हैं। कांग्रेस इस प्रस्ताव का पुरजोर विरोध करती है। पार्टी कार्यालय राजीव भवन शिमला में पत्रकारों से राठौर ने कहा कि जिला स्तर पर कांग्रेस ने अपनी पदयात्रा निकालेगी। शिमला जिला की पदयात्रा 23 फरवरी को गुम्मा से छैला तक आयोजित होगी, जिसमें वह और शिमला जिला के विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी भाग लेंगे।
राठौर ने कहा भाजपा का यह कहना कि यह आंदोलन मुट्ठी भर किसानों का है, यह पूरी तरह देश के किसानों का अपमान है। कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। हिमाचल में भी चारों संसदीय क्षेत्रों में कांग्रेस ने किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर रैलियां निकालीं। जिला स्तर पर कांग्रेस ने पदयात्रा निकाली है। शिमला जिला की पदयात्रा 23 फरवरी को गुम्मा से छैला तक निकाली जाएगी। राठौर ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि भाजपा कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश से जुड़े मसलों पर कोई सार्थक चर्चा होती। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और प्रदेश की बिगड़ती अर्थव्यवस्था से उबरने के उपायों पर कोई चर्चा होती। लेकिन, कुछ नहीं हुआ। देश में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में भारी वृद्धि से लोगों का बजट गड़बड़ा गया है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में लोगों ने नगर निकाय चुनावों में भाजपा को बाहर कर दिया है और जल्द ही देश व प्रदेश में भी ऐसा ही होगा। भाजपा सरकार रिपीट होने के सपने छोड़ दे।