ऊर्जा मंत्री ने साढ़े छह करोड़ के विद्युत उपकेंद्र का किया शुभारम्भ
ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने पपरोला में साढ़े छह करोड़ की लागत से 33 केवी विद्युत उपकेंद्र पपरोला और चार करोड़ 57 लाख की 33 केवी एचटी लाइन कंगैहन-चढ़ियार का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही सब स्टेशन की मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एक ऊर्जा राज्य के रूप में उभरा है। प्रदेश में दस हजार 940 मेगावॉट बिजली पैदा हो रही है, जिससे हम दूसरे राज्यों की बिजली की समस्या का भी समाधान कर रहे हैं। पपरोला के 33 केवी सब स्टेशन से नगर पंचायत पपरोला समेत 15 पंचायतों के 50 हजार लोगों को लाभ मिलेगा। 33 केवी एचटी लाइन कंगैहन चढ़िया (17 किमी) से 70 गांवों के लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही बड़ा भंगाल में हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट को दोबारा शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे। विधायक मुल्कराज प्रेमी ने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर अनेक ट्रांसफार्मर लगाए जाने हैं।
