शीतलहर की चपेट में पूरा उत्तर भारत, पड़ रही कड़ाके की ठंड
पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। राजधानी दिल्ली में रविवार को इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य ही नहीं बल्कि राजस्थान और एमपी भी कड़ाके की ठंड से हाल बेहाल हैं। आने वाले तीन दिनों तक राहत मिलने के आसार भी नहीं हैं। पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी हो रही है और पिछले सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। मौसम ने ऐसी हैरान करने वाली करवट ली है कि लोगों के होश ही उड़ गए। 19 दिसंबर की रात को दिल्ली में 3.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। आज इसके 4 डिग्री तक रहने की संभावना है। इसकी वजह है कि देश के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में बीते कई दिनों से जमकर बर्फबारी हो रही है। लद्दाख में लगातार दूसरी रात माइनस छह डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. यही हाल जम्मू-कश्मीर का नजर आया।
मौसम का ये हाल हैरान करने वाला है क्योंकि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 21 जनवरी को 40 दिन का चिल्ले कलां शुरू होता है यानी कड़ाके की सर्दी का सीजन। लेकिन इस बार 18 और 19 तारीख को ही ऐसी सर्दी शुरू हो गई जो आमतौर पर साल के आखिरी दिनों में होती है। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर आज भी जारी है। हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। तापमान माइनस में पहुंच गया है, जिसके बाद कई जगहों पर पानी बर्फ में तब्दील हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिमी भारत पूरी तरह से शीत लहर की चपेट में है और अगले तीन दिनों तक इससे राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अगले दो दिनों में उत्तराखंड के कुछ इलाकों और पंजाब व हरियाणा में 23 और 24 दिसंबर को घना कोहरा भी छाया रह सकता है।
