आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ से मची तबाही, 8 लोगों की मौत, 12 लापता
आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को रायलसीमा के तीन जिलों और एक दक्षिणी तटीय जिले में 20 सेंटीमीटर तक भारी बारिश होने से भयंकर तबाही हुई है और बारिशजनित घटनाओं में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गयी है। वंही कडप्पा जिले में अब भी 12 लोग लापता हैं। वायुसेना, एसडीआरएफ और अग्निशमन सेवाओं के कर्मियों द्वारा आकस्मिक बाढ़ में फंसे कई लोगों को बचा लिया गया है। गौरतलब है कि उफनती नदियों और नहरों से कई जिलों में बाढ़ आ गयी है, कुछ स्थानों पर सड़कें टूट गयी हैं और जनजीवन पटरी से उतर गया है। शुक्रवार को रेनिगुंटा में तिरुपति अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को उड़ान परिचालन के लिए खोला गया, परंतु तिरुमला पहाड़ियों को जाने वाली दो घाट सड़कें बंद रहीं। अलीपीरी से तिरुमला को जाने वाली सीढ़ीदार सड़क को भूस्खलन और बाढ़ से बड़ा नुकसान पहुंचा है और उसे बंद कर दिया गया है।
