1000 करोड़ का लोन लेगी हिमाचल सरकार
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 1000 करोड़ रुपए के नए कर्ज के लिए आवेदन किया है। इस महीने दूसरा मौका है जब प्रदेश सरकार कर्ज लेने जा रही है। इसे पहले पहली जून को भी सरकार ने 800 करोड़ का कर्ज लिया था। मिली जानकारी के अनुसार नया 1000 करोड़ का लोन 500-500 करोड़ की दो अलग-अलग मदों में लिया जा रहा है, जो 5 जुलाई तक राज्य सरकार के खजाने में आएगा। राज्य सरकार को यह लोन 15 साल की अवधि यानी 2038 तक लौटाना है।
वहीँ ताजा लोन के बाद मौजूदा वित्तीय वर्ष में सुक्खू सरकार का कर्ज 1800 करोड़ हो जाएगा। हिमाचल में आय के सीमित संसाधन है और खर्चे लगातार बढ़ते जा रहे है। इसी के चलते सरकार को कर्ज लेना पड़ रहा है।
हालांकि प्रदेश की सुक्खू सरकार ने आय के संसाधन बढ़ाने के प्रयास किये है, लेकिन इसके परिणाम आने में अभी वक्त लगेगा। ऐसे में मौजूदा समय सरकार के लिए कठिन है। मुश्किलें इसलिए भी ज्यादा है क्यूंकि केंद्र से मिलने वाली लगभग 3500 करोड़ की GST प्रतिपूर्ति राशि और NPA की करीब 1700 करोड़ की मैचिंग ग्रांट भी बंद हो गई है। साथ ही केंद्र ने लोन लेने की सीमा भी 5 प्रतिशत से घटाकर से साढ़े तीन प्रतिशत कर दी है।