पंजाब सरकार गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों को देगी 2-2 लाख की मदद, सीएम चन्नी ने किया ऐलान
पंजाब सरकार ने जनवरी में गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों को आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। इस साल गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा के बाद दिल्ली में गिरफ्तार किए गए 83 लोगों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने गिरफ्तार किए गए 83 प्रदर्शनकारियों को 2-2 लाख की मदद देने की बात कही है। हालांकि पंजाब सरकार के इस कदम से एक विवाद छिड़ने की संभावना भी दिख रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने एक ट्वीट में पुष्टि की है कि उनकी सरकार दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लोगों को मुआवजा देगी। उन्होंने कहा, "तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के विरोध का समर्थन करने के लिए मेरी सरकार के रुख को दोहराते हुए, हमने 26 जनवरी 2021 को राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैक्टर रैली करने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 83 लोगों को 2 लाख रुपए मुआवजा देने का फैसला किया है।"
बता दें कि खासकर पंजाब और हरियाणा के किसान तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में एक साल से दिल्ली के आसपास डेरा डाले हुए हैं। किसानों का आरोप है कि सरकार इस कानून के जरिए कृषि को निजी हाथों में नियंत्रण देना चाहती है। हालांकि केंद्र ने इस आरोप का खंडन किया है। फिलहाल किसान कानून को वापस लेने की अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।