सोलन: विद्यार्थी वन मित्र योजना के तहत किया गया पौधरोपण | Solan News
राज्य में पर्यावरण संरक्षण तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से विद्यार्थी वन मित्र योजना के तहत 86702 पौधे रोपित किए गए हैं। यह जानकारी सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत पूजा कलामंच बाड़ीधार के कलाकारों ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कश्मीरपुर तथा ग्राम पंचायत नवांग्राम और सप्तक कला मंच कण्डाघाट के कलाकारों द्वारा दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पट्टानाली तथा ग्राम पंचायत कैंडोल में आयोजित कार्यक्रमों में दी। कलाकारों ने अभियान के तहत अवगत करवाया कि वनों के प्रबन्धन में स्थानीय लोगों को सक्रिय रूप से जोड़ने के लिए सामुदायिक वन संवर्धन योजना कार्यान्वित की गई है। योजना के तहत गांव के आस-पास खाली वन क्षेत्र पर पौधरोपण किया जा रहा है तथा लोगों द्वारा स्वयं निर्धारित अन्य संवर्धन सम्बन्धित कार्य करवाए जा रहे हैं। इस अवसर पर कलाकारों द्वारा लोगों को जानकारी दी गई कि समाज में कन्याओं की सुरक्षा प्रोत्साहित करने के लिए बेटी है अनमोल योजना के अन्तर्गत गरीबी रेखा से नीचे के परिवार में जन्मी 02 बेटियों के जन्म पर 12000 रुपए की अनुदान राशि प्रदान की जा रही है। योजना के तहत बीपीएल परिवारों की कन्याओं को और अधिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने 12 अगस्त, 2021 से इस राशि को बढ़ाकर 21000 रुपए कर दिया है।
कलाकारों ने लोगों को अवगत करवाया गया कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी शगुन योजना के अन्तर्गत बीपीएल परिवारों में जन्मी कन्याओं के विवाह के लिए 31000 रुपए की राशि प्रदान की जा रही है। योजना के अन्तर्गत सोलन जिला में 198 लाभार्थियों को लाभ प्रदान करने पर 61.38 लाख रुपए व्यय किए गए हैं। लोगों को इस अवसर पर योजना के लाभ लेने की लिए भी जानकारी प्रदान की गई। कलाकारों द्वारा इस अवसर पर नशा निवारण के साथ-साथ कोविड-19 नियमों के विषय में भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि कोविड-19 का खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें तथा आवश्यक सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें।
Solan Himachal News
