प्रदेशभर में राजा वीरभद्र सिंह को दी श्रद्धांजलि
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। उनके जन्मदिन को कांग्रेस ने विकास दिवस के रूप में मनाया। इसी कड़ी में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम शिमला के कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित किया गया। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री व अन्य नेताओं ने वीरभद्र सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित किये और उनके द्वारा किए गए कार्यो को याद किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का जन्मदिन है और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए प्रदेश भर से यहां लोग आए उनका आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने पूरे प्रदेश में विकास करवाया है और आज उनके जन्मदिन को विकास दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। वहीं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में जो विकास राजा वीरभद्र ने करवाया है उसे कभी नहीं भूला जा सकता है। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही रिज पर उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने जो शिक्षण संस्थान और भवन बनाए हैं, उनके नाम भी वीरभद्र सिंह के नाम पर रखे जाएंगे।
इस मौके पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के निधन के बाद ये उनकी पहली जयंती है। उनका जन्मदिन पूरे प्रदेश भर में बड़े धूमधाम से मनाया जाता था और होलीलोज में बधाई देने के लिए गाजे बाजे के साथ लोग पहुचते थे, लेकिन अब वह हमारे बीच में नहीं है। वीरभद्र सिंह ने पूरे प्रदेश को एक माला में पिरोने का काम किया। उनके द्वारा किए गए विकास को पूरा प्रदेश हमेशा याद रखेगा। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी सभी वरिष्ठ नेताओं-कार्यकर्ताओं ने वीरभद्र सिंह को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सोलन में डॉ कर्नल धनीराम शांडिल की अगुवाई में कांग्रेस ने स्व वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर क्षेत्रीय अस्पताल में फल भी वितरित किये गए। जिला के अन्य स्थानों पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर राजा वीरभद्र सिंह को याद किया गया। सिरमौर के पांवटा साहिब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वीरभद्र सिंह के जन्मदिवस पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। पूर्व विधायक किरनेश जंग और मंडल अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश में एक समान विकास किया है। वीरभद्र सिंह ने प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उनके द्वारा किये गए कार्यों को पूरा प्रदेश हमेशा याद रखेगा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए।
जयसिंहपुर के खैरा में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के जन्म दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कांग्रेस के कार्यकर्ता और अन्य लोगों ने रक्तदान किया। इस दौरान जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के सोशल मीडिया कांग्रेस प्रदेश सचिव राज वर्मा को 15 वीं बार रक्तदान करने पर सम्मानित किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री स्व राजा वीरभद्र सिंह की जयंती पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा सिविल अस्पताल हमीरपुर में फल वितरित किए गए। इस दौरान कामगार कर्मचारी कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव राणा ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह हमेशा हिमाचल की जनता के दिलों में रहेंगे, जिस तरह से उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री हिमाचल के जन-जन का विकास किया उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।