पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की पत्नी का ह्रदय गति रुकने से निधन
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की धर्मपत्नी संतोष शैलजा का आज सुबह करीब 4:30 बजे ह्रदय गति रुकने से निधन हो गया। बता दें कुछ ही समय पहले शांता कुमार व धर्मपत्नी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। दोनों का इलाज टांडा मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। आज सुबह शांता कुमार की पत्नी ने ह्रदय गति रुकने से प्राण त्याग दिए।
संतोष शैलजा एक लेखक थीं और उन्होंने कई किताबें और कहानीयां लिखी थीं। शैलजा ने बीए, एमए (हिंदी) और बीएड किया था और कुछ सालों तक उन्होंने दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में भी पढ़ाया था। 1964 में उनकी शादी शांता कुमार से हुई और वह कांगड़ा जिले के पालमपुर में शिफ्ट हो गईं।
इस दुःख की घड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने पूर्व मुख्यमंत्री को ढांढस बंधाया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, किशन कपूर, राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी, पूर्व भाजपा अध्यक्ष डाॅ राजीव बिन्दल, सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, त्रिलोक कपूर, राकेश जम्वाल सहित समस्त पदाधिकारियों, मंत्रियों, विधायकों, जिलाध्यक्ष पालमपुर हरिदत शर्मा ने भाजपा के वरिष्ठतम नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की धर्मपत्नी संतोष शैलजा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उनके देहावसान से समस्त भाजपा परिवार सदमे में है। भाजपा नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।