नुरपुर: लापता 13 वर्षीय बालक आयुष पठानियां का श**व खड्ड से बरामद
पुलिस थाना नूरपुर के तहत आने वाले गांव कदरोह, डाकघर खैरयां के 13 वर्षीय बालक आयुष पठानियां के लापता होने का मामला दुखद अंत के साथ सामने आया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 मार्च 2026 को आयुष पठानियां के लापता होने की सूचना पुलिस थाना नूरपुर को मिली थी। सूचना मिलते ही नूरपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से उसकी तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया था। तलाशी अभियान के दौरान 11 मार्च को ग्रेली खड्ड (नागनी) के पास बालक के कपड़े और चप्पलें बरामद हुईं। इसके बाद खड्ड में खोजबीन करने पर बालक का शव भी बरामद कर लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और DFU टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेजा गया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। इस मामले में पुलिस थाना नूरपुर में धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
