20 सितम्बर को सभी जिलों के उपायुक्त कार्यालय पर पेंशनर करेंगे रोष रैली व धरना प्रदर्शन
कुनिहार:-प्रदेश पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन जिला सोलन के अध्यक्ष एवं राज्य पेंशनर्ज कल्याण संघ कार्यकारणी के मुख्य सलाहकार के डी शर्मा व जिला महासचिव जगदीश पंवर ने संयुक्त रूप से कहा है कि प्रदेशाध्यक्ष आत्माराम शर्मा के आवाहन पर सभी जिला मुख्यालयों पर 20 सितम्बर 2024 को पेंशनरों की मांगों को लेकर रोष रैली व धरना।प्रदर्शन किया जाएगा। इसी कड़ी में के डी शर्मा ने बताया कि हमने सरकार को 15 सितम्बर तक का समय दिया था कि हमारी उचित मांगे मानी जाए। लेकिन सरकार ने।पेंशनरों की मांगों को अनसुना कर दिया। के डी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखबिंदर सिंह सुक्खू ने कई बार आश्वासन दिया कि शीघ्र ही संयुक्त सलाहकार समिति का गठन कर संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक बुलाई जाएगी जो अभी तक झूठा आश्वासन साबित हुआ है। यही नहीं पिछले महीने 15 अगस्त के मौके पर देहरा में 75 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के पेंशनरों को छठे वेतन आयोग का साढ़े 22 प्रतिशत एरियर 1सितम्बर को पेंशन के साथ देने का ऐलान मुख्य मंत्री ने किया था लेकिन इसमें भी सरकार ने धोखा ही किया। के डी शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महंगाई भत्ते की तीन किशते रोक रखी है और केंद्र सरकार ने जुलाई 2024 से एक और किश्त महंगाई भत्ते की देने का एलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मौन बैठी है और पेंशनरों की समस्याओं व मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। बहुत से मैडिकल बिल 5-5 सालों से पैंडिंग पड़े हैं। के डी शर्मा ने जिला के तमाम यूनिटों के पेंशनरों को 20 सितम्बर को अधिक से अधिक संख्या में उपायुक्त कार्यालय के समीप रोष रैली व धरना प्रदर्शन के लिए पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रोष रैली के बाद उपायुक्त महोदय से मिलकर उनके माध्यम से पेंशनरों की मांगों का एक ज्ञापन प्रदेश सरकार को दिया जाएगा। यह जानकारी पेंशनर संघ के जिला मीडिया प्रभारी डी डी कश्यप ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
