जवाली में 77.75 ग्राम चिट्टा व नशीले कैप्सूलों के साथ एक काबू
जिला नूरपुर पुलिस द्वारा नशा माफिया के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जवाली के सिद्धाथा क्षेत्र में विशाल पुत्र चंदन कुमार, निवासी चलवाड़ा से 77.75 ग्राम चिट्टा, 630 नशीले कैप्सूल व 11690 रुपये नकदी बरामद की है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। पुलिस के अनुसार विशाल चिट्टा सप्लाई का सरगना है तथा यह युवाओं को नशे की दलदल में धकेल रहा था। पुलिस को विशाल के खिलाफ काफी शिकायतें मिल रही थीं तथा पुलिस काफी समय से विशाल को चिट्टा सहित पकड़ने के लिए उसका पीछा कर रही थी। आखिरकार पुलिस को उसे पकड़ने में सफलता मिली है।
उधर, एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस ने 77.75 ग्राम चिट्टा, 630 नशीले कैप्सूल सहित 11690 रुपये नकदी सहित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि नशा माफिया को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
