धर्मशाला वन वृत में रोपे जाएंगे दस लाख पौधे : सीसीएफ
मानसून सीजन में धर्मशाला वन वृत्त के तहत दस लाख के करीब पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विशेष अभियान भी आरंभ किया जाएगा। मुख्य अरण्यपाल धर्मशाला वन वृत्त ई विक्रम ने बताया कि पौधारोपण अभियान में आम जनमानस की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ साथ वन प्रबंधन समितियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों का भी सहयोग लिया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण में पौधारोपण की महत्ता को लेकर स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि युवा पीढ़ी भी वन संरक्षण के लिए आगे आ सके।
उन्होंने बताया कि धर्मशाला वन वृत्त में वन विभाग चालू वर्ष के दौरान विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत लगभग 684 हेक्टेयर क्षेत्र में वन रोपण करेगा और विभिन्न प्रजातियों के 4.5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, 3189 हेक्टेयर क्षेत्र में पिछले वर्षों में किए गए वृक्षारोपण में मृत पौधों को बदलने का कार्य भी किया जाएगा, जिसमें 5.65 लाख पौधे भी लगाए जाएंगे। इस प्रकार इस मानसून सीजन के दौरान लगभग 10 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
