सुजानपुर : कृषि विकास योजना के तहत किया जैविक किसान मेले का आयोजन

अनूप। सुजानपुर
कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से परंपरागत कृषि विकास योजना जैविक किसान मेले का आयोजन सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत टौनी देवी मंदिर परिसर में किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शिरकत की एवं विधिवत किसान मेले का शुभारंभ किया। यहां पहुंचे मुख्यातिथि पूर्व मुख्यमंत्री का विभागीय उच्च अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों पंचायत प्रतिनिधियों, किसानों, महिला शक्ति ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कृषि विभाग द्वारा लगाए गए परंपरागत कृषि विकास योजना जैविक किसान मेले के अंतर्गत किसानों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में अवगत करवाया गया। विभाग की और से निःशुल्क बीज वितरण भी किए गए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एवं कृषि विभाग की ओर से किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार योजनाएं चलाई जा रही हैं।
किसान हमारे देश की रीड की हड्डी है। इसलिए केंद्र की मोदी सरकार किसानों का विशेष ध्यान रखते हुए उनके लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि हाल ही में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल दौरे पर आए थे। प्रदेश की राजधानी शिमला से उन्होंने देशभर के किसानों को किसान सम्मान निधि के अंतर्गत मिलने वाले निधि को जारी किया, जिससे देश के 10 करोड़ लोगों को उनकी सम्मान निधि उनके खातों में डाली गई।
पहली बार ऐसा हुआ है कि किसानों को सीधा पैसा उनके खाते में पहुंच रखा है। यह केवल देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि आज प्रत्येक योजना का सीधा लाभ देश के आम नागरिक को पहुंच रहा है।उन्होंने किसान वर्ग से आह्वान किया कि परंपरागत खेती जैविक खेती को अपनाएं और कृषि को बढ़ावा देते हुए रोजगार के अवसर पैदा करें।