पालमपुर : मुख्यमंत्री ने बुधवार को कुलानी-चंदपुर-भरमात-सिंबलू पट्टी सड़क का किया शिलान्यास
कांगड़ा जिला के पालमपुर उपमण्डल के तहत भरमात में 7.28 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली 9.30 किलोमीटर लम्बी कुलानी-चंदपुर-भरमात-सिंबलू पट्टी सड़क का मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना को 18 माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण हिमाचल प्रदेश में सड़कें सम्पर्क का मुख्य साधन हैं, इसलिए राज्य सरकार प्रदेश में सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता प्रदान कर रही है। इस अवसर पर पालमपुर में मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गग्गल हवाई अड्डे के विस्तार से क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा और आने वाले समय में स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों को भी काफी सुविधा उपलब्ध होगी।
