पालमपुर में ड्रोन तकनीक एप्लीकेशन पर दो दिवसीय ड्रोन कॉन्कलेव 4 और 5 जुलाई को
डिजीटल तकनीक एवं गवर्नेंस विभाग द्वारा कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर में 4 तथा 5 जुलाई को हिमाचल ड्रोन कॉन्कलेव आयोजित किया जाएगा। इस कॉन्कलेव में व्यापार जगत के प्रमुख, विशेषज्ञ, शिक्षाविद् तथा हितधारक शामिल होंगे, जो ड्रोन के क्षेत्र में सहयोग और ज्ञान के अदान-प्रदान को बढ़ावा देंगे।
विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि यह कार्यक्रम कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, कृषि, वन प्रबन्धन, पर्यटन तथा अधोसंरचना विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक की प्रगति तथा उपयोग की जाने वाली एप्लीकेशन को उजागर करेगा। प्रथम सत्र की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रख्यात प्रवक्ता हिमाचल प्रदेश में ड्रोन तकनीक के वर्तमान परिदृश्य, गवर्नेंस में ड्रोन तकनीक की भूमिका तथा इस क्षेत्र में रोज़गार अवसरों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, प्रधान सचिव उद्योग आर.डी.नजीम, सचिव सूचना प्रौद्योगिकी डॉ. अभिषेक जैन तथा अन्य प्रमुख्य प्रवक्ताओं में शामिल होंगे।
