पालमपुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रजत कपूर को मिला हिमालयन श्री अवॉर्ड
** खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गुलशन ग्रोवर के हाथों से मिला पुरस्कार
जिला कांगड़ा के पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के चंदपुर पंचायत के एक छोटे से गांव के रजत कपूर अपने खेल प्रतिभा का दुनिया भर में लोहा मनवा चुके हैं। रजत कपूर पिछले 10 वर्षों से पावरलिफ्टिंग कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश और देश के लिए बहुत से मेडल जीते हैं। रजत कपूर अभी हाल ही में दुबई में हुई वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में इंडिया टीम की तरफ से खेले थे, जिसमें उन्होंने अपनी श्रेणी में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बॉलीवुड एक्टर गुलशन ग्रोवर के हाथों उन्हें हिमालयन श्री अवॉर्ड पुरस्कार मिला है।
इस बारे में जब अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रजत कपूर से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि यह इस सफलता के पीछे उनकी माता सविता देवी, पिता राजीव कपूर और गुरु जीवन कुमार का हाथ है। अभी तक खेलों में जीतने भी मेडल जीते हैं, ये उनके मार्गदर्शन में ही जीते हैं।
बता दें कि हिमालयन श्री अवॉर्ड का आयोजन हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी एनजीओ आशा किरण संस्थान घुमारवीं द्वारा किया गया था। रजत कपूर इससे पहले भी शान ए भारत, राष्ट्र गौरव सम्मान, जश्न ए धमाका, स्माइल अवार्ड, हिमाचल प्रशंसा अवॉर्ड, शान ए कांगड़ा जैसे कई अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं।