पंचरुखी : गोल्ड जीतने पर आदित्य राणा को भाजपा नेता घनश्याम शर्मा ने किया सम्मानित
लदोह के आदित्य राणा को राष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए सोना जीतने पर वारिष्ठ भाजपा नेता घनश्याम शर्मा ने शुभकामनाएं दी हैं। गौरतलब है कि आदित्य ने मात्र 16 वर्ष की आयु में राष्ट्रीय स्तर पर पॉवर लिफ्टिंग में दो स्वर्ण पदक जीतकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घनश्याम शर्मा ने बुधवार को ग्राम पंचायत लदोह में आदित्य राणा के निवास स्थान पर पहुंचकर उन्हें टोपी और शॉल पहनाकर सम्मानित किया। शर्मा ने आदित्य को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। घनश्याम ने कहा कि जो युवा इस समय नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं, उन्हें आदित्य से प्रेरणा लेनी चाहिए और खेल जगत में अपना ध्यान लगाना चाहिए।
उन्होंने बच्चों खास्कर युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों व साहसिक खेलों में भाग लेने का आग्रह किया, ताकि देश, प्रदेश व इलाके का नाम रोशन हो तथा आगामी पीढ़ी भी ऐसे प्रतिभावान युवाओं से प्रेरणा लेकर आगे बढ़े। घनश्याम शर्मा ने कहा कि देश के लिए समर्पित ऐसे युवाओं के लिए स्वयं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मिलकर विशेष अनुदान का प्रावधान करवाएंगे। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष जयसिंहपुर मनीषा शर्मा, लदोह पंचायत के उप्रधान राजेश कुमार (राजू) तथा अन्य गांव के स्थानीय लोग मौजूद रहे।
