कांगड़ा : नगर परिषद कांगड़ा की पार्किंग साढ़े 14 लाख में नीलाम
कांगड़ा नगर परिषद कार्यालय परिसर में बनी कार पार्किंग को इस बार फिर खुली नीलामी के बाद एक वर्ष के लिए निजी ठेकेदार को ठेके पर दिया गया। खुली नीलामी के बाद उक्त पार्किंग कांगड़ा के जगदीश कुमार ने 14 लाख 50 हजार में एक वर्ष के लिए ठेके पर ली।
जानकारी देते हुए नगर परिषद की अध्यक्षा रेनू शर्मा ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया में कुल 6 ठेकेदारों ने भाग लिया। नगर परिषद के नियमों के तहत इस नीलामी को पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि उक्त पार्किंग में चार पहिया वाहनों से 6 घंटे के लिए 50, दो पहिया वाहनों के लिए 6 घंटे के 20 रुपये शुल्क के तौर पर लिए जाएंगे। इसके अलावा नगर परिषद के तमाम नियम ठेकेदार को बता दिए गए जो कि समय-समय पर लागू होंगे। इस मौके पर नगर परिषद की उपाध्यक्ष राजकुमारी, पार्षद सुमन वर्मा, पार्षद अशोक शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष ललित कुमार के अलावा नगर परिषद के तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे।
