कांगड़ा : गंदगी युक्त पानी पीने से कतरा रहे लाेग, एसडीेएम ने किया निरीक्षण
तिलक राज। कांगड़ा
एसडीएम कांगड़ा नवीन तंवर ने कच्छियारी पंचायत के ग्रामीणों द्वारा उनके समक्ष उसी पंचायत के निवासी के खिलाफ सेफ्टी टैंक की गंदगी अपने खेत में खुले में फेंकने के लिए जमीन देने के संबंध में शिकायत की गई थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एसडीएम कांगड़ा समस्त अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के साथ उन्होंने स्वयं सेफ्टी टैंक की गंदगी फेंकने वाले स्थान का निरीक्षण किया। मौके पर ही उन्होंने जमीन मालिकों को आगे से यहां सेफ्टी टैंक की गंदगी नहीं फेंकने के निर्देश दिए और जमीन मालिक तथा ठेकेदार पर तुरंत कार्रवाई करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। एसडीएम कांगड़ा ने बताया कि कच्छियारी पंचायत के ग्रामीणों द्वारा उनके समक्ष शिकायत की थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि कच्छियारी पंचायत के ही निवासी ने अपनी जमीन में एक तालाब नुमा खड्डा बनाकर उसे सेफ्टी टैंक की गंदगी फेंकने के लिए ठेकेदार को दिया है, जिसके द्वारा हर दिन टैंकरों में भरकर सेफ्टी टैंक की गंदगी लाई जा रही है और यहां पर फेंकी जा रही है, जिससे यहां पर गुजरने वाले ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर भी पड़ रहा था।
सेफ्टी टैंक की गंदगी वाले स्थान के साथ ही खेतों की सिंचाई के लिए प्रयोग होने वाली कूहल भी बहती है, जिसमें इसका पानी मिल रहा था। इस स्थान के आसपास सारी भूमि उपजाऊ होने के कारण लोगों को अपने खेतों में काम करना मुश्किल हो गया है। पंचायत के लाेग इस गंदगी भरे पानी पीने से भी डर रहे थे। एसडीएम कांगड़ा के साथ मौके पर प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड धर्मशाला से अधिकारी वरुण गुप्ता भी मौके पर मौजूद थे, जिनकी टीम द्वारा आसपास से पीने के पानी के सैंपल लिए गए। मौके पर एसडीएम कांगड़ा सहित वीडियो कांगड़ा नेत्रा मेती, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड धर्मशाला से वरुण गुप्ता, एसएचओ कांगड़ा विजय कुमार व पंचायत उपप्रधान और ग्रामीण मौजूद थे।
