यूपी-बिहार से चुने गए 16 JE, कांग्रेस बोली-हिमाचली बच्चे कहां जाएंगे
हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरियों में बाहरी राज्यों के छात्रोंक के चयन को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस के नेता और ऊना के हरोली से विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने बिजली बोर्ड में जेई के पदों पर यूपी और बिहार के युवाओँ के चयन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस पर सरकार से जवाब भी मांगा है। कांग्रेस नेता और नेता विपक्ष मुकेश ने कहा कि बिजली बोर्ड़ में भर्ती में 16 जेई उतरप्रदेश और बिहार के लगा दिए हैं। कहां सोई है जयराम सरकार? हिमाचली के बच्चे कहां जाएँगे? यानी कुल भर्ती के एक तिहाई बाहर से हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा सरकार बदलो-हालात बदलो। उनके अलावा कई कांग्रेस नेताओँ ने भी भर्ती पर सवाल उठाए हैं।
दरअसल, हिमाचल प्रदेश स्टाफ सिलेक्शन कमीशन की ओर से यह भर्ती आयोजित की गई है। इसका रिजल्ट अब डिक्लेयर किया गया है। जिसमें 16 पदों पर यूपी और बिहार के अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। शुरुआत में तीन साल के कॉन्ट्रेक्ट पर ये लोग तैनात होंगे फिर बाद में इनकी सेवाएँ रेगुलर हो जाएँगी। दरअसल, 2018 में यह भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। बाद में इस पर कोर्ट की ओर से स्टे लगा दिया गया था। अब परिणाम सामने आया है क्योंकि यह भर्ती प्रक्रिया तीसरी और चौथी श्रेणी के लिए नहीं की गई है। ऐसे में देश भर से कोई भी परीक्षा में हिस्सा ले सकता है।
