शिमला : गरीबों का आटा कर गीला, केंद्र सरकार ने लगाया जजिया कर-रोहित ठाकुर
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
केंद्र की भाजपा सरकार ने आटा, चावल जैसी दैनिक उपभोक्त की वस्तुओं पर नए जमाने का जजिया टैक्स लगाकर पहले से महंगाई की मार झेल रहे गरीबों पर भारी भरकम बोझ लाद दिया हैं। यह बात जुब्बल नावर कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने प्रेस में जारी एक बयान में कही। रोहित ठाकुर ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने नोटबंदी, जीएसटी क्रियान्वयन जैसी गलत आर्थिक नीतियों के बाद अब आम आदमी की दैनिक उपभोग की वस्तुओं को राजस्व अर्जित करने का मुख्य साधन बना दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले केंद्र भाजपा सरकार दूसरे देशों को अनाज बांटने की बात कर रही और अब आटा, चावल व अन्य खाद्य पदार्थो पर टैक्स लगाकर गरीबों का राशन छीन रही हैं। रोहित ठाकुर ने कहा कि केंद्र भाजपा सरकार कृषि-बागवानी में उपयोग होने वाली कीटनाशक-फफूंदनाशक दवाइयों, खाद, कार्टन, ट्रे व उपकरण पर मनमाने तरीक़े से जीएसटी का बोझ बागवान- किसान पर लाद रही हैं।
केंद्र की भाजपा सरकार 2022 तक किसानों-बाग़वानों की आय दोगुना करने की बात करती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र भाजपा सरकार के गत आठ वर्षों के कार्यकाल में कृषि- बागवानी पर लगातार लागत बढ़ती जा रही हैं, जबकि किसानों को उनकी फ़सल के दस साल पुराने दाम मिल रहे हैं। यूपीए सरकार के कार्यकाल 2014 में घरेलू गैस की कीमत 410 रुपए प्रति सिलेंडर हुआ करती थी, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा जीएसटी वसूल करने से आज सिलेंडर के दाम 1100 रुपए का आंकड़ा पार कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार की गलत नीतियों से बागवान, व्यापारी, मजदूर, पर्यटन उद्योग से जुड़े उद्यमी और पढ़े-लिखे युवा कठिन दौर से गुज़र रहे है। भारत 116 देशों के वैश्विक भुखमरी सूचकांक (जीएचआई) में पड़ोसी देशों से भी फिसलकर निचले स्थान पर आ गया है। उन्होंने कहा कि रोटी कपड़ा, मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी जीवन की मूलभूत आवश्यकताएं जनता का अधिकार हैं, लेकिन मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते मंहगाई दर 15 वर्षो के सर्वाधिक स्तर पर, जबकि बेरोजगारी 45 वर्ष के सर्वोत्तम स्तर पर पहुंच गई हैं।
