मंडी : अभाविप हिमाचल प्रदेश के 43वें प्रदेश अधिवेशन की तैयारियां अंतिम चरण पर
फर्स्ट वर्डिक्ट। मंडी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश का 43वां प्रदेश अधिवेशन इस वर्ष माता शूलिनी की पावन धरा सोलन में होने जा रहा है। यह अधिवेशन जिला सोलन के पुलिस ग्राउंड में आयोजित होगा। अधिवेशन का आयोजन 2, 3 व 4 अक्तूबर 2022 को होगा, जिसमें पूरे प्रदेश से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 800 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। अभाविप सोलन विभाग के विभाग संयोजक मनीष बिरसानटा ने बताया कि इस कार्यक्रम की तैयारी में जिला सोलन के कार्यकर्ता बीते दो महीनों से दिन रात मेहनत कर रहे हैं। अधिवेशन की तैयारियां के लिए विभिन्न टोलियों का गठन कर उन्हें काम सौंपे गए हैं व सभी कार्यकर्ता पूरी लगन से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं। दीवार लेखन, पोस्टर चिपकाने, फ्लेक्स लगाने सहित प्रचार प्रसार में कार्यकर्ता रातों में भी निरंतर कार्य कर रहे हैं।
इस कार्यक्रम में अभाविप हिमाचल प्रदेश की साल भर में प्रदेश में हुई गतिविधियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। अधिवेशन के दूसरे दिन राज्यसभा सांसद प्रो. राकेश सिन्हा मुख्यतिथि के रूप में शिरकत कर के कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में 03 अक्तूबर को शोभायात्रा के साथ शक्ति प्रदर्शन कर प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर विभिन्न भाषण भी छात्र नेताओं द्वारा संचालित किए जाएंगे। इस अधिवेशन में प्रदेश की वर्तमान शैक्षिक परिदृश्य व वर्तमान स्थिति पर चिंतन कर, नई रणनीति बनाई जाएगी। अधिवेशन के अंत में वर्ष 2022-23 की नई कार्यकारणी भी बनाई जाएगी।
