काँगड़ा :वेदव्यास परिसर में जोर शोर से हो रहीं यूथ फेस्टिवल की तैयारियां
इन दिनों केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में यूथ फेस्टिवल(युवमहोत्सव) को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रहीं हैं। जहां वेदव्यास परिसर की नई निदेशक प्रो सत्यम कुमारी ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु कमर कस ली है वहीं शारीरिक शिक्षा उप निदेशक डा संजय मनकोटिया व युवमहोत्सव संयोजक प्रो मंजूनाथ भट्ट सहित समस्त शिक्षक एवं गैर शिक्षक कर्मचारी सभी पूरी फॉर्म में दिख रहे हैं। वहीं छात्र छात्राएं भी इस यूथ फेस्टिवल के सफल आयोजन हेतु बढ़ चढ़ कर कार्य कर रहे हैं। परिसर का एन. एस. एस. विंग भी इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु पूरी तरह सक्रिय है।
शनिवार के दिन भी एन. एस. एस. छात्र छात्राओं ने एन एस एस संयोजक कवि पंकज के नेतृत्व में परिसर की सफाई व्यवस्था में चार चांद लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वहीं परिसर के अन्य कर्मचारी भी सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
परिसर निदेशक प्रो सत्यम कुमारी ने बताया कि आगामी 28 नवंबर से आरंभ होने वाले तीन दिवसीय यूथ फेस्टिवल के आयोजन हेतु इन दिनों समस्त शिक्षकों ,गैर शिक्षक कर्मचारियों व छात्र छात्राओं ने कमर कस ली है। निदेशक ने बताया कि परिसर में होने वाला कोई भी आयोजन चाहे वह क्रीडा से संबंधित हो या अन्य शैक्षिक व सांस्कृतिक गतिविधियों से संबंधित हो,टीम वर्क के साथ ही उसका सफल आयोजन संभव है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है ताकि सभी मिलजुल कर काम कर सकें व इस आयोजन को सफल बनाएं।
उधर शिक्षा शास्त्री विभाग के अध्यक्ष एवं इस यूथ फेस्टिवल के क्रय समिति संयोजक प्रो शीश राम इन दिनों अपनी टीम के साथ खेल व अन्य शैक्षिक और सांकृतिक कार्यक्रमों से संबंधित समान को एकत्रित करने में जुटे हुए हैं।
