शिमला : जल्द पूरा होगा पराला मण्डी में प्रोसेसिंग प्लांट तथा सीए स्टोर का कार्य
प्रोसेसिंग प्लांट,सीए स्टोर, मार्किटिंग शैड, पार्किंग एवं अन्य आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पराला मण्डी को आदर्श मण्डी के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह बात शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, संसदीय कार्य, विधि एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने फल मण्डी पराला के प्रोसेसिंग प्लांट, सीए स्टोर तथा मण्डी के निरीक्षण के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि 200 करोड़ रुपये की लागत से पराला मण्डी में प्रोसेसिंग प्लांट तथा सीए स्टोर, मार्किटिंग शैड तथा पार्किंग का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, जिसे जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा ताकि बागवानों को इस आधुनिक तकनीक से निर्मित पराला मण्डी का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि पराला मण्डी में 70 हजार से एक लाख तक सेब की पेटियां रोज़ाना आती है और वहीं इस पराला मण्डी में लोगों को अन्य मण्डियों से अच्छे भाव मिलते है। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए कि विभिन्न मण्डियों में सीसीटीवी कैमरा व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाएं ताकि आढ़ती, लदानी एवं बागवानों को सुविधाएं मिल सके।
इस अवसर पर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान हरीश ठाकुर, मण्डलाध्यक्ष राजेश शारदा, हिमाचल प्रदेश विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक नरेश ठाकुर, उपमण्डलाधिकारी ठियोग सौरव जस्सल, डीएसपी लखविन्द्र सिंह, एपीएमसी सचिव किन्नौर-शिमला ओपी बसंल, सैंज के प्रधान राजेन्द्र शर्मा तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
