रक्कड़ : कोल्हापुर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
थाना क्षेत्र रक्कड़ के अंतर्गत नादौन से लगभग 10 किलोमीटर दूर कोल्हापुर में रविवार रात्रि एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक प्रवासी व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति नेपाली मूल का माना जा रहा है, लेकिन अभी तक इसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिसके चलते पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा है व शिनाख्त के लिए 72 घंटे के लिए देहरा अस्पताल में रखा गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है तथा आगामी कार्यवाही पर अमल किया जा रहा है। कोल्हापुर के प्रधान विपिन कुमार ने बताया कि उन्हें लगभग सुबह 4:30 बजे फोन पर सूचना मिली कि सड़क किनारे कोई व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। उन्होंने जाकर देखा तो व्यक्ति सड़क के किनारे पर पड़ा हुआ था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस थाना रक्कड़ से थाना प्रभारी गुरदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन जारी कर दी। थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है व शव को पोस्टमार्टम हेतु देहरा ले जाया जा रहा है वहां पोस्टमार्टम के बाद शव की शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक रखा जाएगा। शिनाख्त के तौर पर उन्होंने बताया कि लगभग दर्मयानी लंबाई का यह व्यक्ति लगभग 50 साल का प्रतीत हो रहा है। इसने हरे रंग की टी शर्ट व काले रंग का लोअर पहना हुआ है यदि कोई परिचित हो तो वह आकर थाना रक्कड़ में संपर्क कर सकते हैं।
