नन्द लाल शर्मा ने किया रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन की प्रचालन कार्यकलापों का निरिक्षण
नन्द लाल शर्मा, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एसजेवीएन ने अपने परियोजना दौरे के दौरान 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन और 412 मेगावाट रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन की प्रचालन कार्यकलापों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वह प्रचालन निष्पादन से पूर्ण रूप से संतुष्ट हैं और बताया कि एसजेवीएन ने जुलाई 2021 में अपनी समस्त उत्पादन इकाइयों, नवीकरणीय परियोजनाओं सहित 1580 मि.यू. का विद्युत उत्पादन कर रिकॉर्ड बनाया है, जोकि जुलाई 2020 के 1563 मि.यू. के रिकॉर्ड से अधिक है। वित्तीय वर्ष 2021 में हिमाचल प्रदेश के 02 हाइड्रो पावर स्टेशनों, महाराष्ट्र और गुजरात के 02 पवन विद्युत स्टेशनों और 01 सौर विद्युत स्टेशन सहित पाँच विद्युत स्टेशनों की कुल 8700 मि.यू. डिजाइन ऊर्जा से अधिक 9224 मि.यू. विद्युत का उत्पादन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
एनजेएचपीएस और आरएचपीएसविद्युत स्टेशनों के प्रमुखों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए शर्मा ने कहा कि दोनों 'फ्लैगशिप पावर स्टेशनों' के प्रचालन और अनुरक्षण के अधिकारियों की संयुक्त टीम के प्रयासों ने कंपनी को विद्युत उत्पादन में नवीन लक्ष्य तराशने में सक्षम बनाया है। शर्मा ने कहा कि एसजेवीएन अपने सभी विद्युत स्टेशनों को अंतर्राष्ट्रीय मानकों के उच्चतम स्तर की क्षमता के साथ प्रचलित करता है। माइक्रो प्लानिंग के साथ सिस्टम की व्यापक मोनिटरिंग ने एसजेवीएन के मेगा विद्युत स्टेशनों को नियमित डिजाइन ऊर्जा और उच्चतम मशीन उपलब्धता बढ़ाने में सक्षम बनाया है। दिनांक 02 अगस्त 2021 को एनजेएचपीएस ने 39.397 मि.यू. का सर्वोच्चएक-दिवसीय उत्पादन किया है और जुलाई 2021 में इस परियोजना ने 1216.565 मि.यू. का सर्वोच्च मासिक उत्पादन दर्ज किया है। इसी कड़ी में रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन ने भी जुलाई 2021 में 335.9057 मि.यू. का सर्वोच्च मासिक विद्युत उत्पादन किया है।
