अब वैक्सीनेशन पर कांग्रेसी कर रहें रजनीति- रणधीर शर्मा
हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कांग्रेसी नेताओं पर टीकाकरण के मुद्दे पर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होनें कहा कि कोरोना महामारी से बचने हेतु सभी को वैक्सीन लगे यह सभी की इच्छा है और सभी सरकारों का प्रयास भी है। उन्होनें कहा कि देश की जनता सुरक्षित रहे उसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार वैक्सीन की लगातार आपूर्ति कर रही है और राज्यों को जरूरत के हिसाब से टीका आपूर्ति करने में हर संभव प्रयास कर रही है। परन्तु दुर्भाग्य की बात है कि कोरोना महामारी की तरह वैक्सीन को लेकर भी कांग्रेस पार्टी के नेता राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे। शर्मा ने कहा कि इस संबंध में राज्यपाल को ज्ञापन देना और बार-बार प्रैस बयान देना उनकी ओछी राजनीति को दर्शाता है जिसकी भारतीय जनता पार्टी कड़ी निंदा करती है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जहां केन्द्र सरकार के प्रयासों से अभी तक देश में 22 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन लग चुकी है वहीं हिमाचल प्रदेश में भी अब तक 24 लाख लोगों का टीकाकरण हो चुका है। उन्होनें कहा कि हमारी प्रदेश व केन्द्र सरकार गंभीरता से प्रयास कर चरणबद्ध व पारदर्शी ढंग से सभी को वैक्सीन लगाने का प्रयास कर रही है परन्तु कांग्रेस पार्टी के नेता आलोचना के लिए आलोचना करने की अपनी आदत से मजबूर आलोचना करने में ही लगे हैं।
