सुजानपुर : सेवानिवृत्त हुए हवलदार ने पत्नी सहित ग्रहण की भाजपा की सदस्यता

अनूप। सुजानपुर
भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए हवलदार पुरुषोत्तम सिंह और उनकी पत्नी लता देवी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। गुरुवार को इस सेवानिवृत्त परिवार ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल निवास स्थान समीरपुर में पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री के सामने भारतीय जनता पार्टी का पटका अपने गले में डाला है। भाजपा महिला मोर्चा सदस्य एवं वार्ड सदस्य किरण कुमारी की अगवाई में पुरुषोत्तम सिंह उनकी पत्नी लता देवी निवासी गांव पनियाला ग्राम पंचायत दई दा नोन ने अपनी मर्जी से भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है।
भाजपा में शामिल हुए इस सेवानिवृत्त परिवार ने पूर्व मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लेते हुए कहा की सौभाग्य की बात है कि आज वह विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजापा के सदस्य बने हैं और उससे भी बड़ी बात है कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के सामने उन्होंने भाजपा ज्वाइन की है। आने वाले विधानसभा चुनावों में उन्हें जो भी दायित्व पार्टी की ओर से सौंपा जाएगा, उसका वे बखूबी निर्वहन करेंगे। शामिल हुए परिवार को पूर्व मुख्यमंत्री ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।