जयसिंहपुर कॉलेज में एसडीएम संजीव ने किया स्वयंसेवियों का मार्गदर्शन
-कॉलेज में एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का समापन
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज राष्ट्रीय सेवा योजना के द्वारा सात दिवसीय शिविर का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम संजीव ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस सात दिवसीय शिविर का आयोजन 23 दिसंबर से 29 दिसंबर तक राष्ट्रीय सेवा योजना के संयोजक प्रो. विकास कलोत्रा के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. किरण के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने छात्रों को संबोधित करते हुए जीवन और शिक्षा के हर पहलू और कारक को विस्तारपूर्वक साझा किया।
उन्होंने छात्रों के साथ-साथ महाविद्यालय के सभी उपस्थित शिक्षक वर्ग को भी इस ज्ञानवर्धक चर्चा-परिचर्चा में शामिल किया। शिविर के समापन पर छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। तत्पश्चात छात्रों ने अपने सात दिवसीय शिविर के अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुरजीत सिंह राणा व महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक वर्ग ने मुख्य अतिथि को सामृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
