नादौन में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, महिला सरगना और होटल मालिक गिरफ्तार

हमीरपुर जिला के नादौन में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। निजी होटल में हमीरपुर पुलिस की विशेष टीम ने सेक्स रैकेट से जुड़ी महिला सरगना और होटल के मालिक को गिरफ्तार किया है। कांगड़ा के भडोली की रहने वाली महिला यह सेक्स रैकेट चला रही थी। बताया जा रहा है कि पिछले 20 साल से यह महिला जिस्मफरोशी के धंधे में जुटी हुई थी।
हमीरपुर पुलिस की विशेष टीम ने दलाल के कब्जे से पंजाब की तीन लड़कियों को रेस्क्यू किया है। जानकारी के मुताबिक दलाल महिला कुछ समय से हमीरपुर पुलिस के निशाने पर थी। महिला को रंगे हाथों पकड़ने के लिए हमीरपुर पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस टीम ने बेहद गोपनीय तरीके से दलाल महिला से जुड़े लोगों से संपर्क साधा और ग्राहक बनकर बीती रात को निजी होटल नादौन पहुंचे। ग्राहक बनकर पहुंचे पुलिसकर्मियों को महिला ने लड़कियों की फोटो दिखाई उसके बाद महिला को पैसे दिए गए तब उसने होटल के अंदर एक कमरे में जाने के लिए पुलिसकर्मियों को कहा जहां पर पहले से ही लड़कियां मौजूद थीं।
पुलिस टीम ने होटल के मालिक और दलाल महिला को गिरफ्तार कर लिया है। होटल से पंजाब निवासी तीन लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है। आरोपियों को हमीरपुर पुलिस अदालत में पेश करेगी। एसपी हमीरपुर आकृति शर्मा ने बताया कि मामले में एक महिला और एक पुरुष पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी महिला और होटल मालिक को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में इनपुट मिलने के बाद विशेष टीम का गठन भी किया गया था।